गुरु पूर्णिमा पर लखीसराय में निकली भव्य साईं बाबा पालकी शोभायात्रा, भक्तिमय हुआ माहौल
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर लखीसराय के पुरानी बाजार स्थित साईं बाबा मंदिर से भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। आयोजकों ने बताया कि शोभायात्रा का उद्देश्य समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देना है।
लखीसराय: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर लखीसराय में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के पुरानी बाजार स्थित साईं बाबा मंदिर से भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा से पहले मंदिर में साईं बाबा की विशेष आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालु हाथों में ध्वज-पताका लेकर “जय साईं राम” और “साईं महाराज की जय” के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा साईं बाबा मंदिर से निकलकर धरमराय चक, थाना चौक सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर पालकी का स्वागत किया।
महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक शोभायात्रा में भाग लिया। आयोजकों के अनुसार, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हर वर्ष इस शोभायात्रा का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य साईं बाबा के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना है.